BHUSHAN
HomeDigital Indiaभारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया सेमीफ़ाइनल में बनाई जगह

भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया सेमीफ़ाइनल में बनाई जगह

भारत ने इंग्लैंड को 100 रन से हराया सेमीफ़ाइनल में बनाई जगह
मोहम्मद शमी ने झटके चार विकेट

वर्ल्ड कप 2023 का 29वां मुक़ाबला गत चैम्पियन इंग्लैंड और भारत के बीच खेला गया। लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस लोस्कोरिंग मुकाबले में भारत ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए इंग्लैंड को 100 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत सेमी-फ़ाइनल में जगह बनाने वाला पहला देश बन गया है। वहीं इंग्लैंड का इस वर्ल्ड कप में सफर समाप्त हो गया है।

Bhushan Jewellers

भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाज करते हुए इंग्लैंड के सामने 230 रनों का लक्ष्य रखा। जवाब मे इंग्लैंड की टीम 34.5 ओवर में 129 रन बनाकर ढेर हो गई। इंग्लैंड के लिए लियाम लिविंगस्टोन के अलावा को अन्य बल्लेबाज़ 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू पाया। लिविंगस्टोन ने 46 गेंद पर 27 रन बनाए। उनके अलावा डेविड मलान और डेविड विली ने 16 -16 और जॉनी बेयरस्टो ने 14 रन बनाए। भारत के लिए एक बाद फिर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने 7 ओवर में 22 रन देकर चार विकेट झटके। उनके अलावा जसप्रीत बुमराह ने तीन, कुलदीप यादव ने दो और रवींद्र जडेजा ने एक विकेट लिया।

Advt Classified

इससे पहले पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 229 रन बनाए। भारत के लिए रोहित ने 101 गेंद में 10 चौके और तीन सिक्स की मदद से 87 रन की पारी खेली। रोहित को उनकी इस पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 47 गेंद पर एक सिक्स और चार चौक की मदद से 49 और केएल राहुल ने 58 गेंद पर तीन चौके की मदद से 38 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए डेविड विली ने तीन, क्रिस वोक्स और आदिल रशीद ने दो, वहीं मार्क वुड ने एक विकेट झटका।

Advt Classified

ऑलआउट हुई इंग्लैंड की पारी –
जसप्रीत बुमराह ने 35वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्क वुड को क्लीन बोल्ड करके इंग्लैंड की पारी को समेट दिया। वुड ने एक ही गेंद का सामना किया और वह खाता नहीं खोल पाए।

इंग्लैंड को 8वां झटका –
कुलदीप यादव ने लियाम लिविंगस्टोन को प्लम एलबीडबल्यू आउट कर पवेलियन भेज दिया है। लिविंगस्टोन ने 46 गेंद पर 27 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने दो चौके भी लगाए। यह कुलदीप का इस मैच में दूसरा विकेट था।

इंग्लैंड को लगा 7वां झटका –
रवींद्र जडेजा ने भारत को क्रिस वोक्स के रूप में सातवीं सफलता दिलाई। उन्होंने 29वें ओवर की पहली गेंद पर वोक्स को आगे बढ़कर शॉट खेलने क लिए मजबूर किया। लेकिन गेंद की लाइन में नहीं आए हैं। गेंद विकेटकीपर केएल राहुल के पास गई और उन्होंने बिना कोई गलती किए वोक्स को स्टंप कर दिया। वोक्स 20 गेंद पर 10 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। जडेजा ने ये ओवर विकेट मेडन डाला। इंग्लैंड ने 29 ओवर के बाद 7 विकेट खोकर 98 रन बना लिए हैं।

भारत को मिली छठी सफलता
भारत को छठी सफलता मोहम्मद शमी ने दिलाई। उन्होंने 24वें ओवर की पहली गेंद पर मोईन अली को आउट कर दिया। मोईन ने विकेटकीपर केएल राहुल को कैच थमा दिया। उन्होंने 31 गेंद पर 15 रन बनाए। मोईन के आउट होने के बाद क्रिस वोक्स क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर लियाम लिविंगस्टोन क्रीज पर हैं।

शमी ने दो ओवर में लिए दो विकेट –

मोहम्मद शमी ने दो ओवर में दो विकेट लेकर इंग्लैंड की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी है। बेन स्टोक्स को बोल्ड करने के बाद जॉनी बेयरस्टो को भी क्लीन बोल्ड कर दिया है। शमी ने 10वें ओवर की पहली गेंद पर बेयरस्टो को आउट किया। इंग्लैंड के ओपनर ने 23 गेंद पर 14 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद मोईन अली क्रीज पर आए हैं। दूसरे छोर पर कप्तान जोस बटलर खड़े हैं।

शमी ने स्टोक्स को बोल मारा –
बेन स्टोक्स का बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह 10 गेंद पर खाता भी नहीं खोल पाए और मोहम्मद शमी की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। इंग्लैंड के अब तीन विकेट गिर गए हैं। आठ ओवर में उसने 33 रन बनाए हैं। जॉनी बेयरस्टो का साथ देने के लिए जोस बटलर आए हैं।

बुमराह ने दो गेंद पर लिए दो विकेट
जसप्रीत बुमराह ने भारत को दोहरी सफलता दिलाई। उन्होंने पांचवें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर डेविड मलान और जो रूट को आउट किया। मलान 17 गेंद पर 16 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हो गए। उनके बाद बल्लेबाजी के लिए जो रूट पहली ही गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। रूट ने रिव्यू लिया, लेकिन फैसला भारत के पक्ष में ही आया। इंग्लैंड का स्कोर पांच ओवर में दो विकेट पर 30 रन बना लिए हैं। जॉनी बेयरस्टो के साथ बेन स्टोक्स क्रीज पर हैं।

पहली पारी का हाल –
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 229 रन बनाए। भारत के लिए रोहित ने 101 गेंद में 10 चौके और तीन सिक्स की मदद से 87 रन की पारी खेली। उनके अलावा सूर्यकुमार यादव ने 47 गेंद पर एक सिक्स और चार चौक की मदद से 49 और केएल राहुल ने 58 गेंद पर तीन चौके की मदद से 38 रनों का योगदान दिया। इंग्लैंड के लिए डेविड विली ने तीन, क्रिस वोक्स और आदिल रशीद ने दो, वहीं मार्क वुड ने एक विकेट झटका।

भारत को आठवां झटका –
भारत को आठवां झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा। सूर्यकुमार लापरवाही भरा शॉट खेलते हुए आउट हो गए और वर्ल्ड कप में अपने पहले अर्धशतक से चूक गए। वह 47 गेंद में चार चौके और एक सिक्स की मदद से 49 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें डेविड विली ने क्रिस वोक्स के हाथों कैच कराया। 47 ओवर के बाद भारत का स्कोर आठ विकेट पर 214 रन है।

भारत को 7वां झटका लगा –
तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी मात्र एक रन बनाकर पाबेलियान लौट गए हैं। मार्क वुड की गेंद पर वे विकेट कीपर जोस बटलर को कैच दे बैठे। भारत 41 ओवर के बाद 7 विकेट के नुकसान पर 183 रन बना चुका है।

भारत को छठा झटका
41वें ओवर में 182 के स्कोर पर भारत को छठा झटका लगा। आदिल रशीद ने रवींद्र जडेजा को एल्बीडब्ल्यू आउट किया। वह 13 गेंद में आठ रन बना सके। 41 ओवर के बाद भारत का स्कोर छह विकेट गंवाकर 183 रन है। फिलहाल सूर्यकुमार यादव का साथ निभाने मोहम्मद शमी आए हैं।

रोहित शर्मा शतक से चूके –
इस मैच में बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे रोहित शर्मा अपने शतक से चूक गए हैं। 37वें ओवर की 5वीं गेंद पर रोहित आदिल रशीद की गेंद को बाउंड्री के लिए मारना चाहते थे। लेकिन डीप मिड विकेट पर लिविंगस्टोन ने दौड़ते हुए बेहतरीन कैच पकड़ा। रोहित शर्मा ने 101 गेंद में 10 चौके और तीन सिक्स की मदद से 87 रन बनाए।

भारत का चौथा विकेट गिरा –
131 रन के स्कोर पर भारत का चौथा विकेट गिरा है। रोहित शर्मा के साथ बेहतरीन बल्लेबाजी कर रहे केएल राहुल 58 गेंद में 39 रन बनाकर आउट हो गए। राहुल डेविड विली की गेंद पर लंबा शॉट लगाना चाहते थे लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेते हुए हवा में खड़ी हो गई। मिड ऑन पर खड़े जॉनी बेयरस्टो ने बिना गलती किए शानदार कैच लपका।

रोहित और राहुल की बेहतरीन बल्लेबाजी –
रोहित शर्मा और केएल राहुल के बीच अब तक चौथे विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी हो चुकी है। रोहित 76 गेंद में 67 रन और केएल राहुल 54 गेंद में 39 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे हैं। 28 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 118 रन है।

रोहित शर्मा का 54वां अर्धशतक –
रोहित शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 66 गेंद पर अर्धशतक पूरा किया है। यह रोहित के वनडे करियर का 54वां अर्धशतक है। टीम के जल्द तीन विकेट गिरने के बावजूद रोहित ने रनों की गति नहीं रुकने दी और एक तरफ से रन अबनते रहे। रोहित अबतक 66 गेंद पर 51 रन बनाकर खेल रहे हैं।

रोहित शर्मा को जीवनदान –
16वें ओवर में मार्क वुड की गेंद पर रोहित शर्मा को जीवनदान मिला। इस ओवर की पांचवीं गेंद सीधे जाकर रोहित के पैड पर लगी। इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने अपील की और फील्ड अंपायर एड्रियन होल्डस्टॉक ने उन्हें आउट करार दिया। रोहित अंपायर निर्णय से नाखुश नज़र आए और उन्होंने रिव्यू ले लिया। रिव्यू में गेंद लाइन में टप्पा खाती दिखी, इंपेक्ट भी विकेट पर ही था लेकिन विकेट को मिस कर गई और अंपायर को अपना फैसला पलटना पड़ा। 16 ओवर के बाद भारत का स्कोर तीन विकेट पर 55 रन है। फिलहाल कप्तान रोहित शर्मा 50 गेंद में 37 रन और केएल राहुल पांच रन बनाकर क्रीज पर हैं।

श्रेयस अय्यर आउट हुए –
भारत को तीसरा झटका लगा, श्रेयस अय्यर लंबा शॉट खेलने की कोशिश में मिड ऑन पर खड़े मार्क वुड को कैच दे बैठे। क्रिस वोक्स ने उन्हें आउट किया। अय्यर ने 16 गेंद पर चार रन बनाए। भारत 13 ओवर के बाद तीन विकेट के नुकसान पर 42 रन।

भारत को दूसरा झटका –
पूर्व कप्तान विराट कोहली इस मैच में संघर्ष करते नज़र आए और 9 गेंद खेलने के बाद डक पर आउट हो गए। डेविड विली की गेंद पर कोहली मिड ऑफ क्लियर करना चाहते थे। लेकिन गेंद बल्ले पर कनैक्ट नहीं हुई और बेन स्टोक्स के हाथों में जा गिरी। भारत ने 7 ओवर के बाद 28 रन पर दो विकेट खो दिये हैं ।

भारत को पहला झटका –
भारत को चौथे ओवर में 26 के स्कोर पर पहला झटका लगा। क्रिस वोक्स ने इनस्विंग बॉल पर शुभमन गिल को क्लीन बोल्ड किया। शुभमन 13 गेंद में नौ रन बना सके। इसमें एक चौका शामिल है। रोहित का साथ निभाने विराट कोहली आए हैं।

पहला ओवर रहा मेडन –
डेविड विली ने पहले ओवर में कोई रन नहीं दिया। स्ट्राइक पर रोहित शर्मा थे। विली ने सारी गेंद ऑफ स्टंप के बाहर रखी। तेज गेंदबाजों को पिच से मदद मिल रही है। रोहित के साथ शुभमन ओपनिंग के लिए आए हैं। विली का पहला ओवर मेडन रहा।

दोनों टीम ने नहीं किए कोई बदलाव –
इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग-11 में कोई बदलाव नहीं किया है। वहीं, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि वह टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी ही चुनते, क्योंकि चेज करते हुए टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया है। ऐसे में टीम खुद को चुनौती देना चाहती है। रोहित ने प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया है। यानी सूर्यकुमार यादव और शमी ही खेलते दिखेंगे।

केवल दो बार डिफेंडिंग चैंपियन नॉकआउट में पहुंचने में असफल रहा है। 1992 में ऑस्ट्रेलिया और 1999 में श्रीलंका नॉकआउट स्टेज में पहुंचने में कामयाब नहीं हो पाया था। इंग्लैंड आज का मैच हारता है तो टूर्नामेंट से बाहर होना तय हो जाएगा।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव।

इंग्लैंड: जोस बटलर (कप्तान/विकेटकीपर), जॉनी बेयरस्टो, डेविड मलान, जो रूट, बेन स्टोक्स, लियाम लिविंगस्टोन, मोईन अली, क्रिस वोक्स, डेविड विली, आदिल रशीद, मार्क वुड।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Translate »