Sirmaur News: पांवटा साहिब के गांव बहराल में हाथियों के हमले से किसान परेशान हैं। तीन हाथियों ने किसानों के घर से महज 20 मीटर की दूरी पर पहुंचकर उनके खेतों को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया। स्थानीय किसान अवतार सिंह, तरण सिंह और अर्जुन सिंह के खेतों में लगी चार बीघा गेहूं और दो बीघा बरसीन को तबाह कर दिया। इसके अलावा, 20 सफेदे के पेड़ और कई आम के पेड़ भी तोड़ डाले गए।

इस नुकसान की सूचना मिलने पर फोरेस्ट गार्ड दीपक शर्मा ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष जसविंदर सिंह बिलिंग, किसान अजेपाल सिंह और तरण सिंह ने मांग की है कि किसानों को 50 हजार रुपये मुआवजा दिया जाए। किसान यूनियन ने यह भी चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द मुआवजा नहीं दिया, तो किसान डीएफओ कार्यालय में धरना प्रदर्शन कर सकते हैं।

हाथियों के आतंक को देखते हुए वन विभाग ने गांव और आसपास के जंगलों में नाइट पेट्रोलिंग शुरू कर दी है। डीएफओ पांवटा ऐश्वर्या राज ने बताया कि हाथियों को खदेडऩे के लिए उनकी टीम पूरी तरह से मुस्तैद है। टीम घर-घर जाकर लोगों को जागरूक कर रही है और कोलर व आसपास के जंगलों में रात को पेट्रोलिंग कर रही है। वन विभाग का कहना है कि वह इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द निकालने के लिए काम कर रहा है।
किसानों की चिंता बढ़ गई है और अब वे सरकार से मुआवजे की उम्मीद लगाए हुए हैं।